Varanasi Rains : वाराणसी में मानसून की सक्रियता का असर देखने को मिल रहा है। अगस्त महीने के शुरुआत से ही हर दिन बारिश हो रही है। रविवार को पूरे दिन छाए बदलो के बीच कभी उमस तो कभी रह-रह कर सावन की शीतल पुरवैया ने अरसे बाद सावनी घटाओं और मनमोहक मौसम का अनुभव कराया। इस कारण गर्मी से तो राहत मिली लेकिन तापमान में कमी की वजह से सिहरन जैसा एहसास होने लगा। इधर सोमवार को भी सुबह से नम हवा चलने के साथ ही बारिश हो रही थी। मौसम ठंडा होने की वजह से बनारस के घाटों पर पर्यटकों की भीड़ दिखाई दे रही है। वाराणसी में न्यूनतम तापमान 26 व अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

24 घंटे में हो सकती है भारी बारिश
मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव के अनुसार इस समय मानसून द्रोणी समेत अन्य कंडीशन बारिश के अनुकूल हैं। ऐसे में आने वाले दो-तीन दिनों तक मौसम इसी तरह रहेगा। रुक-रुककर बारिश होती रहेगी। इससे मौसम खुशनुमा बना रहेगा। वाराणसी में आज 64% बारिश हो सकती हैं। वहीं आगामी 24 घंटे में भारी बारिश हो सकती हैं।
लगातार बढ़ रहा गंगा का जलस्तर
रविवार को सुबह सात बजे से गंगा के जलस्तर में 10 सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ाव होने लगा। शनिवार की रात आठ बजे से रविवार की रात आठ बजे के बीच गंगा के जलस्तर में 1.41 मीटर बढ़ाव दर्ज किया गया। 24 घंटों में यह आंकड़ा 65.93 मीटर से बढ़ कर 67.34 मीटर पहुंच गया। गंगा, यमुना तथा उनसे जुड़ी नदियों के प्रवाह पथ पर वर्षा के कारण जलस्तर में लगातार बढ़ाव के ही संकेत मिल रहे हैं। मिर्जापुर, गाजीपुर और बलिया में भी गंगा के जलस्तर में बढ़ाव जारी है।