Varanasi News : ज्ञानवापी में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) का पांचवें दिन का सर्वे जारी है। सावन के पांचवें सोमवार और काशी विश्वनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। सर्वे सुबह दस बजे से शुरू होकर शाम के पांच बजे तक चलेगा। इस बीच नमाज और लंच ब्रेक के लिए भी सर्वे रोका जाएगा। सोमवार को श्रद्धालु बड़ी संख्या में आएंगे, इस वजह से सतर्कता बरती जा रही है।

इस दौरान आज मुस्लिम पक्ष ने ASI को ज्ञानवापी तहखानों की चाबियां सौंपी। आज करीब ढाई घंटे तक टीम ने परिसर में सर्वे किया। अब जल्द ही मेन गुंबद का सर्वे किया जाएगा। अब तक मस्जिद के मुख्य परिसर और व्यास जी के तहखाने की चाबियों का इंतजार किया जा रहा था। ज्ञानवापी परिसर में ASI की टीम ने सुबह करीब 11 बजे सर्वे शुरू किया। चार दिन के सर्वे में अहम तथ्यों के बाद टीम का फोकस आज तीनों गुंबद पर रहेगा।
जल्द GPR मशीन से शुरू होगा सर्वे

सर्वे टीम के 30 सदस्य आज तीनों गुंबद की 3D इमेजिंग और मैंपिग करेंगे। डिजिटल नक्शे में फोटोग्राफ को शामिल करेंगे। 58 सदस्यीय ASI की टीम के साथ वादी-प्रतिवादी और दोनों पक्षों के नामांकित वकील शामिल रहेंगे। कानपुर आईआईटी के दो GPR एक्सपर्ट भी सर्वे टीम के साथ रहेंगे। बताया जा रहा है कि एक-दो दिन में GPR मशीन से सर्वे शुरू हो सकता है। 10 बजे शुरू होकर सर्वे 12.30 बजे लंच और नमाज के लिए रोका जाएगा। 2.30 बजे से दोबारा सर्वे शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगा।
सर्वे के चौथे दिन क्या-क्या हुआ?
एएसआई रविवार को सबसे बड़ी सर्वे टीम के साथ ज्ञानवापी परिसर पहुंची। कड़ी सुरक्षा के बीच 58 सदस्यीय टीम को ज्ञानवापी परिसर में दाखिल कराया गया। सुबह आठ बजे से सर्वे का काम शुरू हुआ। ज्ञानवापी के अंदर चार टीमों ने अलग-अलग हिस्सों में करीब सात घंटे तक सर्वे किया। सबसे पहले एक टीम तहखाने में दाखिल हुई और वहां की दीवारों, छत, ताखा व खंभों पर अंकित चित्रों को देखा। साथ ही उनके आकार, प्रकार को रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। एक टीम ने गुंबदों की बनावट की जानकारी जुटाई है।
धार्मिक महत्व से संबंधित 20 से ज्यादा साक्ष्य मिले
गुंबद के भीतरी, बाहरी और उसके आसपास मिले धार्मिक आकृतियों की फोटो और वीडियोग्राफी कराई। मैपिंग भी हुई है। धार्मिक महत्व से संबंधित 20 से ज्यादा साक्ष्य मिले हैं। एएसआई की एक टीम ने कंगूरों का अध्ययन किया और इसकी बनावट आदि की मैपिंग की है। चौथी टीम ने ज्ञानवापी की सीमा पर चहारदीवारी और पश्चिमी दीवारों का अवलोकन किया। साक्ष्य जुटाकर आगे की औपचारिकता पूरी की है।
जब ASI रिपोर्ट आएगी, तब हमें निष्कर्ष पता चलेगा: वकील
ज्ञानवापी मस्जिद परिसर सर्वेक्षण मामले में हिंदू पक्ष का प्रतिनिधित्व कर रहे वकील विष्णु शंकर जैन ने कहा कि आज सर्वे सुबह 11 बजे शुरू होगा और दोपहर 12:30 बजे तक चलेगा, फिर यह दोपहर 2:30-5 बजे तक चलेगा…यह एक वैज्ञानिक सर्वेक्षण है और यह एक अधिवक्ता आयोग के सर्वेक्षण से अलग है।
यह सोचना गलत है कि हर दिन कुछ नया मिलेगा क्योंकि संरचना और वास्तुकला का विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन हो रहा है। जब ASI रिपोर्ट आएगी, तब हमें निष्कर्ष पता चलेगा ASI की रिपोर्ट में सब कुछ आ जाएगा। पूरे परिसर का सर्वे हो रहा है। ASI ने अपनी 42 सदस्यीय टीम को बांटा है।