Spread the love

Varanasi : वाराणसी में सुबह से ही काले बादलों का आसमान में डेरा है। रूक रूक कर हल्की बारिश हो रही है। हवाएं ठंडी चल रहीं हैं जिससे लोगों को उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार वाराणसी में आज का न्यूनतम तापमान 25 और अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहेगा। हवा वाराणसी में 20 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही है जिससे ठंड का एहसास हो रहा है। वहीं हवा की वजह से मौसम में आद्रता ( ह्यूमिडिटी ) न के बराबर है। इससे उमस नहीं है और मौसम खुशगवार बना हुआ है। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार दो दिन तक मौसम ऐसे ही बने रहने के आसार हैं। बारिश की अच्छी खासी संभावना दिखाई दे रही है।

लगातार बढ़ रहा गंगा का जलस्तर

गंगा के जलस्तर में एक बार फिर से बढ़ोतरी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बृहस्पतिवार से जलस्तर दो सेंटीमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से बढ़ रहा है। पहाड़ों पर हो रही बारिश और कई जगहों पर आई बाढ़ इसकी मुख्य वजह बताई जा रही है। इस कारण घाटों पर दबाव बना है। अभी भी घाटों का आपसी संपर्क टूटा है। केंद्रीय जल आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार को गंगा का जलस्तर 65 मीटर रहा।

घाट किनारे वालों की बढ़ी मुश्किल

वाराणसी में गंगा के जलस्तर बढ़ने से घाट किनारे रहने वाले लोग अब सतर्क हो गए हैं। तो वहीं नाविकों का काम बढ़ गया है। नाविकों का कहना है कि अब हमें अपने नाव को गंगा के जलस्तर को देखते हुए हटाना बढ़ाना पड़ रहा है। अगस्त महीने की शुरुआत में जलस्तर बढ़ने के बाद से घाटों का संपर्क आपस में टूट गया था। यहां तक कि हरिश्चंद्र घाट और मणिकर्णिका घाट पर शवदाह में भी परेशानी हो रही थी। इसके बाद अगस्त के दूसरे सप्ताह से जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई। अब एक बार फिर से जलस्तर बढ़ने लगा है तो लोगों की चिंताएं भी बढ़ीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *