Varanasi : चांद की जमी पर तिरंगा फहराने के बाद भारत का स्पेस रथ अब सूरज की ओर बढ़ रहा है। चंद्रयान 3 की सफलता ने अंतरिक्ष वैज्ञानिकों को उत्साह से भर दिया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) के सौर मिशन से काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के वैज्ञानिक जुड़े हैं। वह सितंबर में प्रस्तावित देश के पहले सौर मिशन आदित्य एल-1 की लॉन्चिंग की तैयारी में जुटे हैं। बीएचयू के भौतिकी विज्ञान विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अलकेंद्र सिंह सौर मिशन के सोलर अल्ट्रावॉयलेट इमेजिंग टेलीस्कोप टीम का हिस्सा हैं। चंद्रयान-3 की सफलता से डॉ अलकेंद्र उत्साहित हैं। उनका कहना है कि अब सौर मिशन की सफलता की राह खुली है। वैज्ञानिक उत्साह के साथ दिन-रात काम कर रहे हैं। इसके सकारात्मक नतीजे सामने आ सकते हैं। सितंबर के लास्ट में आदित्य L1 मिशन को श्रीहरिकोटा से सूरज की दिशा में लॉन्च किया जा सकता है। यह भारत का पहला सबसे लंबी दूरी (15 लाख किलोमीटर) वाला मिशन होगा।

रेडिएशन सुर प्रवाह और लाइट का डाटा कलेक्शन करेगा आदित्य L-1
सूरज से निकलने वाले किन-किन रेडिएशन, सौर प्रवाह और लाइट्स का डेटा कलेक्शन करना है? धरती पर सूरज के किन किरणों का डायरेक्ट इफेक्ट होता है? उन रेडिएशन का क्या नफा-नुकसान होता है। ऐसे सवालों की एक लंबी लिस्ट ISRO को भेजी गई है। ऐसे ही सवालों के आधार पर आदित्य L1 डेटा कलेक्ट करके बंगलुरु के पास स्थित ‘डीप स्पेस नेटवर्क’ को भेजेगा। BHU के फिजिक्स डिपार्टमेंट के खगोल वैज्ञानिक डॉ. कुंवर अलकेंद्र प्रताप सिंह ISRO की ‘साइंस डेफिनेशन टीम’ का हिस्सा हैं।

आदित्य L1 पृथ्वी से 15 लाख KM से रखेगा सूर्य पर नजर
डॉ. अलकेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सूर्य पर सतह से लेकर वातावरण तक कई तरह के भयानक विस्फोट होते रहते हैं। इनका काफी गहरा संबंध धरती के लोगों और टेक्नोलॉजी इन्फ्रास्ट्रक्चर पर पड़ता है। कनाडा और यूरोप के कई पोलर इलाकों में फ्लाइट से लेकर इलेक्ट्रिसिटी और गैस सप्लाई ठप हो जाती है। धरती से सूरज की दूरी 1.50 करोड़ किमी है। आदित्य L1 पृथ्वी से 15 लाख किमी दूर तक ही जाएगा। यह वहीं से सूर्य की हलचलों और हरकतों पर निगरानी रखेगा। उन गैसों और रेडिएशन की जांच करेगा, जो कि धरती पर इंसानों के लिए खतरा है। दोनों के बीच के संबंधों को समझकर मानव विकास को बेहतर बना सकते हैं।
दुनिया के 22 सोलर मिशन से यूनिक है भारत का L1
दुनिया भर में अब तक 22 सोलर मिशन हो चुके हैं। इसमें अमेरिका, जर्मनी, यूरोपीय यूनियन और जापान जैसे देशों के नाम शामिल हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि भारत का सोलर मिशन इन सभी से यूनिक है। बाकी के देशों ने रेडियो वेव्स और X-Ray किरणों की जांच की क्षमता वाला सैटलाइट लॉन्च किया है। जबकि आदित्य L1 खासतौर पर अल्ट्रा वायलेट किरणों, X-Ray उत्सर्जन और प्लाज्मा तीनों की स्टडी करेगा।