Varanasi : वाराणसी में एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। 20 दिन की कड़ी धूप और गर्मी के बाद आज का मौसम काफी खुशनुमा हो गया है। बुधवार की सुबह कई इलाकों में झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। हवा में भी ठंडक का एहसास हो रहा है। वहीं, दिनभर तेज धूप के बाद मंगलवार शाम छह बजे अचानक आसमान में बादल छा गए। कुछ देर में ही तेज हवा के साथ झमाझम बारिश होने लगी। इससे जहां मौसम खुशनुमा हो गया। वहीं तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

आगे कुछ दिन ऐसा ही रह सकता है मौसम
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वाराणसी में अगले 4-5 दिनों तक मौसम काफी सुहाना बना रहेगा। बारिश ऐसे ही होगी। फिर से मानसून के बाद एक्टिव हो रहे हैं। फिलहाल, बीते 15-20 दिनों से इतनी ज्यादा गर्मी हो गई थी, जिससे आभास हो रहा था कि बारिश हो सकती है। लोकल इफेक्ट की वजह से यह पानी बरस रहा है।
तीन दिन में चार डिग्री सेल्सियस गिरा पारा
मौसम में आए बदलाव की वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी कमी आई है। पिछले तीन दिन में अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। तीन सितंबर को जहां 37.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा वहीं चार को 35.6 और पांच सितंबर को 33.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान भी 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
गर्मी से खेतों में पड़ने लगे थे दरार
वाराणसी में गर्मी से लाेग बेहाल थे। रोजाना 12 घंटे की चिलचिलाती तीखी धूप और फिर बाकी टाइम उमस ले लोगों का जीना मुहाल कर दिया था। भीषण गर्मी की वजह से लोगों को बाहर निकलना मुहाल हो गया था। गर्मी बर्दाश्त से बाहर थी। खेतों में दरारें पड़ने लगीं थीं। किसान और आम आदमी पानी के लिए त्राहिमाम कर रहा था। आज जब वाराणसी में बारिश की बूंदे पड़ी तो लोगों में काफी दिन बाद खुशी लौटी है।