Spread the love

Varanasi News : महादेव की नगरी काशी में सबसे बड़ा उत्सव मनाने की तैयारी चल रही है। शासन और प्रशासन की पहल पर खास इंतज़ाम हैं जिसमें शासन की तरफ से 12 लाख दिये तो वहीं देव दीपावली की केंद्रीय समिति की तरफ से 22 लाख दिये गंगा तट पर जलाने का लक्ष्य है। इस भव्य देव दीपावली को देखने के लिए देश और विदेश से पर्यटकों की भारी भीड़ वाराणसी पहुंची है। पर्यटकों के चेहरों पर खुशी उत्साह और उमंग देखने को मिल रहा है। हर कोई उस समय का इंतजार कर रहा है। जब वाराणसी के गंगा घाट पर 34 लाख दीप जगमगाएंगे। गंगा पार रेती पर भी दीप शृंखला सैलानियों का मन मोहेगी।

सीएम योगी जलाएंगे देव दीपावली का पहला दीप

विश्वविख्यात काशी की देव दीपावली का विधिवत उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार की शाम पांच बजे नमो घाट से करेंगे। यहां मुख्यमंत्री 70 देशों के राजदूत और विदेशी प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पहला दीप जलाएंगे। इसके बाद बाकी घाटों पर दीप प्रज्ज्वलन शुरू होगा। यहां से मेहमानों के साथ वे क्रूज पर सवार होकर घाटों के अप्रतिम छटा निहारने के लिए निकलेंगे। करीब सवा छह बजे सीएम का क्रूज दशाश्वमेध घाट के सामने पहुंचेगा और मनमोहक गंगा आरती के साक्षी बनेंगे।

दशाश्वमेध घाट की महाआरती में दिखेगी राम भक्ति और राष्ट्रवाद की झलक

आध्यात्मिकता के साथ राष्ट्रवाद व सामाजिकता की भी झलक देव दीपावली में दिखेगी। दशाश्वमेध घाट की आरती रामलला को समर्पित होगी। यहां रामलला व राम मंदिर की झलक मिलेगी। दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि द्वारा अमर जवान ज्योति की अनुकृति को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भारत के अमर वीर योद्धाओं को ‘भगीरथ शौर्य सम्मान’ से सम्मानित भी किया जाता है। 21 अर्चक व 51 देव कन्याएं रिद्धि सिद्धि के रूप में दशाश्वमेध घाट पर महाआरती करेंगी, जो नारी शक्ति का भी संदेश देंगी। घाटों पर छत्रपति शिवजी महाराज के चित्रों के जरिए संदेश देंगी तो वहीं गुरुनानक देव की जयंती प्रकाश उत्सव पर उनसे चित्रों का प्रदर्शन दिखेगा। इस आरती में सेना का बैंड, इंडिया गेट और अमर जवान ज्योति खास होगी, जहां सेना के तीनों अंगों के प्रमुख पुष्प चक्र अर्पित करेंगे।

सजावट और सुरक्षा के किये गए हैं पुख़्ता इंतजाम

देव दीपावली देखने विश्व भर के पर्यटक आते हैं। रंगोली, फसाड लाइट व झालरों से सजावट किया गया है। पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतज़ाम रहेगा। ड्रोन उड़ान पर पूरी तरह ऱोक लगा दी गई है, जिले की सीमा पर भी चौकसी बरती जाएगी। घाटों पर वाच टावर से निगरानी रखी जाएगी। पर्यटकों की भारी संख्या को देखते हुए अस्पतालों में बेड रिज़र्व कर चिकित्सकों की टीम को अलर्ट रखा गया है। गंगा में फ्लोटिंग डिवाइडर बनाए गए हैं। नाविकों को निर्धारित पर्यटकों को बैठाने व लाइफ जैकेट पहनने की हिदायत दी गई है। एनडीआरएफ की 8 टीमों को विभिन्न घाटों पर बचाव उपकरणों, मेडिकल टीम “वाटर एम्बुलेंस” के साथ विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं के निःशुल्क उपचार के लिए मौजूद है।

केंद्रीय मंत्री आज करेंगे नमो घाट का निरीक्षण

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी सोमवार को निर्माणाधीन नमो घाट के फेज-2 का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही नमो घाट के फेज-1 को भी देखेंगे। शाम को वे नमो घाट से ही क्रूज पर सवार होकर देव दीपावली देखने के लिए रवाना होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *