Spread the love

Varanasi : वाराणसी में बुधवार देर रात हुई हल्की बारिश के बाद से मौसम बदल गया है। ठंडी-ठंडी पछुआ हवा बह रही है। मौसम सुहाना हो उठा है। गुरुवार सुबह से धूप नहीं निकली। करीब 10 बजे धूप निकली लेकिन तपिश ना के बराबर रही। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे भीषण गर्मी की मार झेल रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। अगले दो तीन दिन तक ऐसे ही मौसम रहने के आसार हैं। दिन से लेकर रात तक बादलों का असर दिखने का अनुमान जताया गया है। ठंडी-ठंडी पछुआ हवा बह रही है। मौसम विज्ञान विभाग ने दोपहर और शाम तक पूरे बनारस में हल्की बारिश का अनुमान लगाया है।

बुधवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया था। वाराणसी का अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम और न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस कम ही दर्ज किया गया। आम दिनों की बात करें तो अप्रैल में वाराणसी का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही रहता है। वाराणसी में बुधवार की देर रात काफी तेज हवा चल रही थी। इसकी स्पीड 15 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रही। इसी वजह से वाराणसी का तापमान थोड़ा कम है। फिलहाल, आज सुबह से हवा बंद है। हवा में नमी 88% दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 2 मई तक वाराणसी में ऐसा ही सुहाना मौसम रहने का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, अगले 6 दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 29 और 30 अप्रैल तक ठीकठाक बारिश होने का अंदेशा जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *